नई दिल्ली, एजेंसी। घरेलू पॉलिमर विज्ञान कंपनी यूफ्लेक्स ने अमेरिका की स्पेक्ट्रा सिस्टम्स के साथ मिलकर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रस्तावित प्लास्टिक बैंक नोट कार्यक्रम के लिए बोली लगाई है। आरबीआई फिलहाल पॉलिमर यानी प्लास्टिक आधारित नोटों की आधार सामग्री बनाने के लिए संभावित आपूर्तिकर्ताओं का मूल्यांकन कर रहा है। यह कार्यक्रम आरबीआई की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (बीआरबीएनएमपीएल) ने शुरू किया है। निविदा के तहत 10 और 20 रुपये के नोटों के लिए पॉलिमर आधार सामग्री की आपूर्ति की जानी है।निविदा दस्तावेज के अनुसार, नोट बनाने के लिए मजबूत प्लास्टिक फिल्म बीओपीपी की जरूरत होगी।
इस फिल्म पर जरूरी रंग की अपारदर्शी स्याही और एंटी-स्टैटिक कोटिंग होनी चाहिए। इसका उद्देश्य नोट की छपाई और स्याही को अच्छी तरह चिपकने के लिए उपयुक्त सतह तैयार करना है। 10 और 20 रुपये के नोटों के लिए कुल 68,000 रीम सामग्री की जरूरत बताई गई है। लगभग 60 देशों द्वारा पूर्ण या आंशिक रूप से प्लास्टिक मुद्रा का उपयोग किया जाता है।
(0)تبصرے