मंदसौर में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे एक परिवार ने बिजली कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। परिवार का कहना है कि घर में केवल दो पंखे, दो बल्ब और एक कूलर का उपयोग होता है, इसके बावजूद कंपनी द्वारा हजारों रुपए के बिजली बिल भेजे ज
.
पीड़िता खाजन बी (पति स्व. कल्लू शाह), निवासी मदारपुरा ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उनके घर के घरेलू बिजली कनेक्शन पर 2 मई 2026 को 40 हजार 541 रुपए का बिल थमा दिया गया। परिवार का आरोप है कि गलत मीटर रीडिंग और विभागीय लापरवाही के कारण उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
पहले भी आया था 31 हजार रुपए से ज्यादा का बिल
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें 31 हजार 296 रुपए का भारी-भरकम बिल दिया जा चुका है। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
परिवार का आरोप है कि विभाग लगातार अवैध वसूली का दबाव बना रहा है।
खाजन बी ने बताया कि वह विधवा हैं और पैरालिसिस से पीड़ित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनका बेटा मोहम्मद हुसैन मजदूरी कर घर का खर्च चला रहा है। इसके बावजूद बिजली कंपनी द्वारा उन पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बेटे पर बिजली चोरी का केस दर्ज कराने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि कंपनी ने उनके बेटे पर झूठा बिजली चोरी का केस दर्ज कराया। मामले में उसे जेल तक भेजा गया और न्यायालय में 10 हजार रुपए भी जमा करवाए गए।
परिवार का कहना है कि पिछले एक महीने से उनके घर की बिजली कटी हुई है, इसके बावजूद लगातार बिल भेजे जा रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली बंद होने से परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि विभागीय कर्मचारियों ने सही मीटर रीडिंग नहीं ली और किसी दूसरे मीटर की फोटो अपलोड कर दी। संबंधित दस्तावेज भी आवेदन के साथ सौंपे गए हैं।
खाजन बी ने बताया कि लगातार बढ़ते बिल से परेशान होकर उन्होंने मीटर हटाने के लिए भी आवेदन दिया है। उनका कहना है कि पुराने बिलों का कोई बकाया नहीं है, फिर भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। पीड़ित महिला ने कलेक्टर से मांग की है कि गलत बिजली बिल निरस्त कराया जाए और उनके घर की बिजली दोबारा चालू करवाई जाए।
(0)Comments