Dumka News: -भारतीय जनता पार्टी दुमका के उपाध्यक्ष पूर्व जिला परिषद् सदस्य जय प्रकाश मंडल ने उपायुक्त को पत्र लिखा एसआईआर के तहत मतदाता सूची के सत्यापन हेतु पंचाय
Dumka News: दुमका, प्रतिनिधि। भारतीय जनता पार्टी दुमका के उपाध्यक्ष पूर्व जिला परिषद् सदस्य जय प्रकाश मंडल ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दुमका को पत्र लिखकर एसआईआर के तहत मतदाता सूची के सत्यापन हेतु पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने की मांग किया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र
उपायुक्त को दिए आवेदन में भाजपा नेता ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में दर्ज विवरण के सत्यापन हेतु जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के सैकड़ों मतदाताओं को प्रखंड कार्यालय जरमुंडी में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है। जरमुंडी प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं के लिए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचना काफी कठिन है। विशेष रूप से वृद्ध, बीमार, दिव्यांग एवं असमर्थ मतदाताओं को अपने घर से 20 से 40 किलोमीटर दूर प्रखंड कार्यालय तक आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आने-जाने के लिए ऑटो, टोटो अथवा अन्य साधनों पर अतिरिक्त खर्च भी वहन करना पड़ता है।
मतदाताओं को बुलाने की प्रक्रिया
जानकारी देते हुए बताया है कि राजा सिमरिया एक गांव से लगभग 200 मतदाताओं को एक ही दिन प्रखंड मुख्यालय में सत्यापन हेतु बुलाया गया है। इतनी अधिक संख्या में मतदाताओं के एक साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचने से वहां अत्यधिक भीड़ हो जाती है और सत्यापन प्रक्रिया में उनका पूरा दिन लग जाता है। बताया कि जानकारी के अनुसार जिले के अन्य प्रखंडों में पंचायत मुख्यालय अथवा अन्य सुविधाजनक स्थानों पर शिविर आयोजित कर मतदाता सूची का सत्यापन कराया जा रहा है। परंतु जरमुंडी प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं असमर्थ मतदाताओं के लिए ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण कई मतदाता सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होने में असमर्थ हो सकते हैं।
सुविधा की आवश्यकता
उपायुक्त से अनुरोध किया है कि जरमुंडी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर मतदाता सूची के सत्यापन की व्यवस्था कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करने की कृपा करें, ताकि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग एवं दूर-दराज के मतदाता बिना किसी कठिनाई के अपना सत्यापन करा सकें और कोई भी पात्र मतदाता सत्यापन से वंचित न रह जाए।
फोटो संख्या-16-जय प्रकाश मंडल
(0)Comments