वीएचपी के नवरात्रि आह्वान पर मनोज जमसुतकर का हमला, बोले- समाज में जाति आधारित दूरी पैदा करने की कोशिश

वीएचपी के नवरात्रि आह्वान पर मनोज जमसुतकर का हमला, बोले- समाज में जाति आधारित दूरी पैदा करने की कोशिश
View on original source
Category: Politics
Share
Archive
Like
मुंबई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की ओर से नवरात्रि को लेकर की गई घोषणा पर शिवसेना (यूबीटी) विधायक मनोज जमसुतकर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की बातें समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश हैं। साथ ही उन्होंने दिल्ली में इमारत गिरने की घटना, विभिन्न याचिकाओं और अपने शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलों पर भी प्रतिक्रिया दी। वीएचपी के आह्वान पर प्रतिक्रिया देते हुए जमसुतकर ने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में सभी जातियों और धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि भायखला समेत पूरे मुंबई में सामाजिक सौहार्द की परंपरा रही है, जहां लोग एक-दूसरे के कार्यक्रमों में शामिल होकर खुशियां साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में यह तय करने की कोशिश कि किसी सामाजिक या धार्मिक आयोजन में कौन शामिल होगा और कौन नहीं, समाज में दूरी पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या संगठन ने किसी जाति या धर्म का ठेका नहीं ले रखा है। हर समाज के अपने प्रतिनिधि और नेतृत्वकर्ता होते हैं, जो समाज का मार्गदर्शन करते हैं। दिल्ली में हाल ही में हुई इमारत गिरने की घटना पर उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता बताया। जमसुतकर ने कहा कि किसी भी इमारत की मरम्मत या पुनर्निर्माण के दौरान आवश्यक अनुमति, सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन किया जाना चाहिए। यदि ठेकेदार, डेवलपर या संबंधित एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभातीं, तो इस तरह की दुखद घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए। शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चाओं को लेकर उन्होंने साफ शब्दों में इन खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ लोग प्रचार पाने के लिए इस तरह की अफवाहें फैलाते हैं। जमसुतकर ने कहा कि उन्हें स्वयं इस तरह की किसी योजना की जानकारी नहीं है और न ही ऐसा कुछ होने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार के रूप में चुना है और वह उसी गठबंधन का हिस्सा हैं। उन्होंने दोहराया कि उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता महाविकास अघाड़ी के साथ है। छात्रों के मुद्दे पर बोलते हुए जमसुतकर ने कहा कि देशभर में छात्रों ने बड़े स्तर पर आंदोलन किया और सरकार को भी अपने रुख में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनके अनुसार शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। --आईएएनएस एएमटी/डीएससी

(0)Comments

 

A note on cookies

Newshunt uses essential cookies to keep you signed in and to remember your language and country, so the site works the way you expect. With your permission, we'd also like to use analytics cookies to understand how people use Newshunt and improve it over time.

Accepting only affects analytics. To learn more, view our Privacy Policy or Terms & Conditions.