इंडक्शन कार्यक्रम में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ दी गई जानकारी संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नचौली स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में नव प्रवेशित छात्राओं को केवल पाठ्यक्रम की जानकारी देने के बजाय कॉलेज में उपलब्ध अवसरों और गतिविधियों से भी रूबरू कराया गया। सोमवार को आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि कॉलेज की पढ़ाई के साथ वे विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपने व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित कर सकती हैं।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार वर्मा ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के महत्व, समय प्रबंधन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। वहीं सहायक आचार्य डॉ. ममता भारद्वाज ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं को कॉलेज में संचालित विभिन्न क्लबों और प्रकोष्ठों की जानकारी दी। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), यूथ रेड क्रॉस, ईको क्लब, महिला प्रकोष्ठ, प्लेसमेंट सेल और रोड सेफ्टी क्लब सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहीं। छात्राओं को परीक्षा प्रक्रिया, कॉलेज के नियमों और अनुशासन के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने कॉलेज की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और अपने शैक्षणिक व व्यक्तिगत विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
(0)Comments