सांकेतिक फोटो
जयपुर : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के युवक ने जयपुर के एक होटल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि यह कदम उठाने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में कहा कि वह अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात वैशाली नगर इलाके में खातीपुरा के पास एक होटल में हुई। उसने बताया कि मृतक की पहचान राकेश के तौर पर हुई है, जो जयपुर ग्रामीण के नरैना का रहने वाला था और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए जयपुर में पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास में रह रहा था।
वैशाली नगर के थानाधिकारी महेश तिवारी के अनुसार, राकेश ने रविवार को होटल में कमरा बुक कराया था। बताया जाता है कि उसने होटल के कर्मचारियों से कहा था कि उसके दोस्त उससे मिलने आएंगे और वह चेक-आउट करते समय 1,000 रुपये का किराया चुका देगा।
पुलिस ने बताया कि बाद में उसने सोशल मीडिया पर संदेश लिखा, जिससे पता चला कि वह अपनी जान देने का इरादा रखता है। पुलिस के मुताबिक, पोस्ट देखने के बाद राकेश के चचेरे भाई मंगल चंद ने कई बार फोन पर उससे संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, राकेश ने फोन नहीं उठाया और बाद में अपना मोबाइल बंद कर दिया।
पुलिस के अनुसार, राकेश अपने बैग में रस्सी लेकर गया था, जिसका इस्तेमाल उसने कथित तौर पर फंदेके रूप में किया। राकेश को खोजते हुए मंगल दो-तीन परिचितों के साथ होटल पहुंचा। यह पता चलने पर कि राकेश होटल में ठहरा हुआ है, उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने बताया कि जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने ताला तोड़ दिया और राकेश को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है।
(0)Comments