ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार (8 सितंबर 2026) को हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. देश के कई बड़े एयरपोर्ट्स पर उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन की स्थिति बनी. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 300 उड़ानें रद्द हुई हैं, जबकि बड़ी संख्या में अन्य फ्लाइट्स लेट हुईं.
इस तकनीकी समस्या का असर लंदन के हीथ्रो और गैटविक के अलावा मैनचेस्टर और स्टैनस्टेड एयरपोर्ट पर भी पड़ा. कुछ समय के लिए उड़ानों के टेक-ऑफ पर प्रतिबंध और संचालन में कमी लागू की गई. इसके अलावा एडिनबर्ग, बर्मिंघम, ल्यूटन और स्कॉटलैंड के कुछ अन्य एयरपोर्ट्स पर भी असर देखने को मिला. हीथ्रो एयरपोर्ट ने बताया कि वह NATS के साथ मिलकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहा है. यात्रियों को अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की ताजा स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
NATS के फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में आई खराबी
ब्रिटेन की एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा NATS ने बताया कि समस्या उसके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में आई थी. NATS के इंजीनियर मौके पर पहुंचकर सिस्टम को सामान्य करने में जुटे रहे. NATS ने कहा कि उड़ानें पूरी तरह बंद नहीं हुई थीं और ब्रिटेन का एयरस्पेस खुला रहा, लेकिन सामान्य स्थिति लौटने में कुछ समय लग सकता है. इस तकनीकी खराबी का सबसे ज्यादा असर उड़ानों के प्रस्थान पर पड़ा. शुरुआती चरण में आने वाली उड़ानों पर कम असर बताया गया था, हालांकि बाद में कुछ इनबाउंड फ्लाइट्स को भी होल्ड और डायवर्जन का सामना करना पड़ा.
यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह
तकनीकी समस्या के कारण एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की भीड़ और इंतजार बढ़ गया. कई एयरलाइनों की उड़ानों में देरी हुई और कुछ फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं. यात्रियों से कहा गया है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर देखें. ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़ी तकनीकी समस्याएं पहले भी उड़ानों को प्रभावित कर चुकी हैं.
(0)Comments