उत्तराखंड के उन युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं लेकिन महंगी कोचिंग की वजह से अपने लक्ष्य से पीछे रह जाते हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 7 सितंबर को राज्य के छात्रों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग योजना की शुरुआत की. इस पहल के जरिए प्रदेश के 11 हजार छात्रों को अलग-अलग प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी.
सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और प्रोफेशनल कोचिंग संस्थानों से जोड़ना है. ऑनलाइन माध्यम से छात्रों को घर बैठे बेहतर शैक्षणिक संसाधन और परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी मार्गदर्शन मिल सकेगा.
11 हजार छात्रों को मिलेगा फायदा
इस योजना के तहत कुल 11,000 छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें UPSC और स्टेट PCS की तैयारी करने वाले 2,000 छात्रों को शामिल किया जाएगा. वहीं SSC, रेलवे, बैंकिंग सर्विस और इनके समकक्ष परीक्षाओं के लिए 5,000 छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा.
डिफेंस सर्विस की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 2,000 छात्रों का चयन होगा. इसके अलावा NET, GATE, CSIR और JRF जैसी परीक्षाओं के लिए 1,000 छात्रों तथा CAT और MAT जैसी मैनेजमेंट प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए 1,000 छात्रों को कोचिंग और मार्गदर्शन दिया जाएगा.
ऑनलाइन स्क्रीनिंग टेस्ट से होगा छात्रों का चयन
फ्री कोचिंग का लाभ लेने के लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित पोर्टल के जरिए आवेदन करने के बाद ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. इसी परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर छात्रों का चयन संबंधित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए किया जाएगा.
चयन प्रक्रिया में मेधावी और टॉप प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके साथ ही उम्मीदवार की योग्यता, स्क्रीनिंग टेस्ट में प्रदर्शन और निर्धारित पात्रता मानकों को भी ध्यान में रखा जाएगा. यानी योजना का लाभ उन छात्रों तक पहुंचाने की कोशिश होगी, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर गंभीर हैं.
सिर्फ लाइव क्लास नहीं, डिजिटल स्टडी का पूरा पैकेज
सरकार की इस योजना में छात्रों को केवल लाइव ऑनलाइन क्लास की सुविधा नहीं मिलेगी. उन्हें रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटेरियल, विषयवार प्रश्न बैंक, ऑनलाइन टेस्ट और मॉक टेस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
छात्र अपनी सुविधा के अनुसार रिकॉर्डेड कक्षाओं को दोबारा देख सकेंगे और डिजिटल अध्ययन सामग्री से तैयारी कर सकेंगे. नियमित टेस्ट और मॉक टेस्ट के जरिए उनकी तैयारी का आकलन किया जाएगा. इससे छात्रों को अपनी कमजोरियों को पहचानने और उन विषयों पर ज्यादा मेहनत करने में मदद मिलेगी.
इन संस्थानों के शिक्षक करेंगे छात्रों की तैयारी
गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने Study IQ, Delhi, Mahendra Private Limited, Lucknow और Doon Dreamers, Dehradun जैसे संस्थानों का चयन किया है. इन संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक और विषय विशेषज्ञ छात्रों को अलग-अलग प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराएंगे.
सरकार की ओर से देश के अनुभवी और प्रोफेशनल शिक्षकों तथा विषय विशेषज्ञों को भी इस पहल से जोड़ने की योजना है. इसका मकसद उत्तराखंड के छात्रों को देश के अलग-अलग हिस्सों में उपलब्ध बेहतर शिक्षण और मार्गदर्शन का लाभ देना है.
आर्थिक स्थिति नहीं बनेगी सपनों के रास्ते में बाधा: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल तकनीक शिक्षा की पहुंच और गुणवत्ता को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है. सरकार टेक्नोलॉजी, क्वालिटी और एक्सेसिबिलिटी को एक साथ जोड़कर युवाओं को उनके लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जरूरी अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और समान अवसर मिलें. आर्थिक परिस्थितियां किसी छात्र की प्रतिभा और उसके सपनों के बीच बाधा न बनें, इसी सोच के साथ निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग योजना की शुरुआत की गई है.
(0)Comments