Shamli News: कांधला। मंगलवार को क्षेत्र के गांव किवाना में किवाना-कांधला मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत का आयोजन कर गहरा आक्रोश जताया। पंचायत में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क के जल्द निर्माण की मांग उठाते हुए समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखने का निर्णय लिया। इसके लिए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का चयन किया गया है, जो मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मार्ग निर्माण की मांग करेगा। ग्रामीणों ने बताया कि किवाना गांव से कांधला तक करीब छह किलोमीटर लंबा मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर समस्या
ग्रामीणों के अनुसार मार्ग पर करीब 32 ईंट-भट्ठे संचालित हैं, जबकि बालिका इंटर कॉलेज भी इसी मार्ग पर स्थित है। ऐसे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और वाहन चालक इस रास्ते से गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन से मार्ग के निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसी को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत कर आगे की रणनीति तैयार की। पंचायत की अध्यक्षता गठवाला खाप के बाबा चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने की, जबकि संचालन सुधीर ठेकेदार मखमूलपुर ने किया। बाबा चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए 10 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेगा और मार्ग के निर्माण की मांग रखेगा।
(0)Comments