शिकारीपाड़ा, प्रतिनिधि।भाकपा-माले जिला कमेटी दुमका की ओर से सोमवार को शिकारीपाड़ा प्रखंड के बांसपहाड़ी हटिया मैदान में अखिल भारतीय किसान महासभा की सदस्यता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोनोत मुर्मू ने की जबकि संचालन सागेन मुर्मू ने किया। बैठक में बांसपहाड़ी, बांकीजोर और हीरापुर पंचायत के ग्रामीण मजदूर, किसान और रैयत शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में नेपाल में भीषण बाढ़ में मारे गए लोगों तथा राज्य के पूर्व मंत्री दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने एचपीजीसीएल वापस जाओ, एएमआर इंडिया लिमिटेड वापस जाओ, जल-जंगल-जमीन की लड़ाई तेज करो, फर्जी मुकदमा वापस लो, कोल टेस्टिंग बोरिंग बंद करो सहित कई नारे लगाए।
मुख्य अतिथि के रूप में भाकपा-माले जिला संयोजक सह राज्य कमेटी सदस्य भुंडा बास्की, सुभाषचंद्र मंडल और पलटन हांसदा उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि 20-21 सितंबर 2026 को जालंधर (पंजाब) में किसान महासभा का 5वां राष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है। सम्मेलन से पहले बांसपहाड़ी, बांकीजोर और हीरापुर के 10 हजार लोगों को संगठन की सदस्यता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 9-10 महीनों से कंपनियों द्वारा जबरन कोल टेस्टिंग बोरिंग का कार्य किया जा रहा है। इसे रोकने के लिए उपायुक्त को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा गया था, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विरोध करने पर रायमुनी सोरेन को तीन महीने से जेल में बंद रखा गया है और दर्जनों युवाओं-महिलाओं पर झूठे केस दर्ज किए गए हैं। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि बोरिंग कार्य अविलंब बंद नहीं हुआ और फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो आदिवासी समाज और भाकपा-माले के बैनर तले उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर कई ग्राम प्रधान और ग्रामीण उपस्थित थे।फोटो संख्या-39-बांसपहाड़ी हटिया मैदान में बैठक के दौरान नारेबाजी करतीं महिलाएं।
(0)Comments