Bareily News: गांव-देहात में लोग ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के प्रति अब अधिक जागरूक हो गए हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य से ज्यादा लोगों ने जांच कराई है। स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता अभियानों का असर दिखाई दे रहा है।
Bareily News: गांव-देहात में अब लोग ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच को लेकर पहले से अधिक जागरूक हुए हैं। गैर संचारी रोग (एनसीडी) की स्क्रीनिंग के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान में पहली बार निर्धारित लक्ष्य से अधिक लोगों ने हाइपरटेंशन और डायबिटिज की जांच कराई है। अप्रैल से 25 अगस्त तक जिले के सभी ब्लॉकों में 30 वर्ष से अधिक आयु के 533749 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया था। इसके सापेक्ष 591607 लोगों की जांच की गई। यानी लक्ष्य से 57858 अधिक लोगों की जांच हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में एनसीडी स्क्रीनिंग के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य केंद्रों और एनसीडी क्लीनिकों में पहुंचने वाले 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के ब्लड प्रेशर और डायबिटिज की जांच की जा रही है। जांच के दौरान हाइपरटेंशन या डायबिटिज के लक्षण अथवा बढ़ा हुआ स्तर मिलने पर आगे की जांच और उपचार की सलाह दी जाती है।
चार-पांच साल में बदली सोच
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक चार-पांच साल पहले तक ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग बिना किसी परेशानी के रक्तचाप और शुगर की जांच कराने को जरूरी नहीं मानते थे। खासकर तब तक जांच कराने की प्रवृत्ति कम थी, जब तक कोई स्पष्ट स्वास्थ्य समस्या सामने न आए। विभाग की ओर से लगातार चलाए गए जागरूकता अभियानों का असर अब दिखाई देने लगा है। ग्रामीण अब नियमित रूप से बीपी और शुगर की जांच कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।
मीरगंज में लक्ष्य से 50 फीसदी अधिक जांच
ब्लॉकवार आंकड़ों में मीरगंज सबसे आगे रहा। यहां 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की स्क्रीनिंग के लिए 30174 का लक्ष्य था, जबकि 45126 लोगों की जांच की गई। यह लक्ष्य का 150 प्रतिशत है। क्यारा में 138 प्रतिशत और फतेहगंज पश्चिमी में 127 प्रतिशत लोगों की स्क्रीनिंग हुई। नवाबगंज में लक्ष्य के मुकाबले 120 प्रतिशत, भदपुरा में 114 प्रतिशत, दमखौदा में 112 प्रतिशत और मझगवां में 111 प्रतिशत स्क्रीनिंग हुई। आलमपुर जाफराबाद में लक्ष्य का 106 प्रतिशत, फरीदपुर में 104, भुता में 103 और बहेड़ी में 109 प्रतिशत लोगों की जांच हुई। वहीं रामनगर में 99, भोजीपुरा में 98, शेरगढ़ में 95 और बिथरी चैनपुर में 93 प्रतिशत जांच हुई।
(0)Comments