मुहम्मदाबाद। यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग के लिए सोमवार को सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय लोगों और महिलाओं ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंदा यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने शंखनाद कर नारेबाजी की। दो घंटे धरने पर बैठने के बाद केंद्रीय रेलमंत्री को संबोधित 12 सूत्री मांग पत्र स्टेशन अधीक्षक पप्पू कुमार को सौंपा।
पूर्व प्रमुख चंदा यादव ने कहा कि यूसुफपुर तहसील मुख्यालय का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रोजगार और व्यापार के सिलसिले में क्षेत्र के हजारों लोगों का देश के विभिन्न शहरों में आना-जाना लगा रहता है। यूसुफपुर पूर्वांचल की प्रमुख मंडियों में शामिल होने के बावजूद यहां कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कोविड काल में जिन ट्रेनों का ठहराव बंद किया गया था, उनमें कुछ का ठहराव अब तक बहाल नहीं हुआ है। चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरने में आलोक राय, प्रेमनाथ गुप्ता, राजेंद्र यादव, रामविलास यादव, गोरख राम, गंगासागर यादव, अरुण बिंद आदि मौजूद रहे। संवाद
(0)Comments