Faridabad News: फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। कर्मचारी अपनी मांगों के लिए धरने पर डटे हुए हैं, जबकि प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई पर विचार किया है। नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर के कई स्थानों से कूड़ा हटाया। नमक कोई नेतन के साथ, हड़ताल तब तक नहीं समाप्त होगी जब तक मांगें पूरी नहीं होती।
Faridabad News: फरीदाबाद, सरसमल। सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को लेकर नगर निगम प्रशासन और कर्मचारियों के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है। कर्मचारी जहां धरने पर डटे हुए हैं, वहीं निगम अधिकारी गैर हाजिर कर्मचारियों के निलंबन पर मंथन कर रहे हैं। सफाई कर्मचारियों ने भी मंगलवार को 35वें दिन भी हड़ताल जारी रखकर अपने इरादे साफ कर दिए कि मांग पूरी होने तक डटे रहेंगे। उधर, अधिकारियों ने शहर में जमा कूड़ा हटाने के लिए मंगलवार तड़के तीन बजे से विशेष सफाई अभियान चलाकर 173 स्थानों को साफ कराया गया। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने अधिकारियों को शहर की सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम मुख्यालय के बाहर मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। हालांकि, दोपहर बाद कर्मचारी दोबारा धरने पर नहीं बैठे, लेकिन कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। पुलिस में मुकदमा दर्ज होने और प्रशासन की सख्ती के बाद कर्मचारियों ने अपनी आंदोलन की रणनीति में बदलाव किया है। फिलहाल कूड़ा उठाने का विरोध करने या सड़कों पर कूड़ा फेंकने जैसी गतिविधियों से कर्मचारी दूरी बनाए हुए हैं। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि जब तक अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने सहित उनकी मांगों पर सरकार ठोस फैसला नहीं करती, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी.
मुकदमे के बाद प्रशासन ने दबाव बढ़ाया
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर फरीदाबाद में यूनियन प्रधान समेत करीब दस कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। एक कर्मचारी को गिरफ्तार भी किया गया था, जिसे बाद में जमानत मिल गई। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों पर काम पर लौटने का दबाव बढ़ा दिया है। निगम और प्रशासन का दावा है कि कुछ कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। सूत्रों के अनुसार, लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई पर मंथन किया जा रहा है। प्रशासन हड़ताल खत्म कराने के लिए सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है.
तड़के तीन बजे शुरू हुआ विशेष अभियान
हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह जमा कूड़े को हटाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार तड़के तीन बजे से विशेष सफाई अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देश पर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर सफाई शुरू की। अभियान के दौरान बड़े द्वितीयक कूड़ा संग्रहण केंद्रों, खत्तों और अन्य स्थानों पर जमा कूड़े को जेसीबी, डंपर और ट्रैक्टरों की मदद से हटाया गया। कई जगह लंबे समय से जमा कूड़े के कारण सड़कें प्रभावित हो रही थीं। निगम की टीमों ने कूड़ा हटाकर मार्गों को दोबारा आवागमन के लिए सुचारू कराया.
प्रमुख सड़कों और कॉलोनियों से हटाया कूड़ा
विशेष अभियान के दौरान बल्लभगढ़ ब्राह्मण धर्मशाला रोड, बल्लभगढ़-गुरुग्राम कैनाल रोड, एनआईटी-डबुआ-प्याली रोड, संजय कॉलोनी, गुजर चौक, विष्णु कॉलोनी और बल्लभगढ़ की 100 फुट रोड सहित कई स्थानों से कूड़ा हटाया गया। इसके अलावा आइशर चौक, सेक्टर-87, रामनगर टाउनशिप और अन्य इलाकों में भी सफाई कराई गई। निगम प्रशासन के अनुसार, सफाई निरीक्षक मुख्यालय बिशन सिंह, एनआईटी के हरवीर रावत, ओल्ड फरीदाबाद के जगवीर चौहान और बल्लभगढ़ जोन के अजीत रावत की देखरेख में अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने पूरी रात और सुबह अभियान की निगरानी की.
(0)Comments