नई दिल्ली। राजधानी में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली नगर निगम ने मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सादतपुर वार्ड-247 के ए-ब्लॉक दयालपुर में निगम पार्षद एवं मलेरिया निरोधक उपाय समिति की अध्यक्ष नीता बिष्ट ने विशेष अभियान चलाते हुए फॉगिंग, मलेरिया निरोधक दवा के छिड़काव और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया।
नीता बिष्ट ने क्षेत्र का दौरा कर उन स्थानों का जायजा लिया, जहां मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है। इस दौरान ए-ब्लॉक दयालपुर में फॉगिंग कराई गई तथा मलेरिया निरोधक दवा का छिड़काव कराया गया। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को भी मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
स्वच्छता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की साफ-सफाई, जलभराव की स्थिति और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। नीता बिष्ट ने संबंधित निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से फॉगिंग एवं दवा छिड़काव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से निपटने के लिए केवल निगम की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि निगम और जनता की संयुक्त भागीदारी जरूरी है। घरों और आसपास पानी जमा न होने देना, कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करना और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोग भी अभियान में जुड़े
अभियान के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ एमसीडी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में फॉगिंग और दवा के छिड़काव की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित अभियान चलाने की मांग की।
नीता बिष्ट ने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर निगम स्तर पर लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को क्षेत्र में स्वच्छता और फॉगिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए तथा लोगों से अपील की कि वे बीमारी फैलने का इंतजार करने के बजाय पहले से ही सावधानी बरतें।
(0)Comments