लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग ने सोमवार को 'फ्लर्टिंग विद एल्गोरिदम्स' नामक कार्यक्रम का आयोजन किया। मुख्य वक्ता मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन हर्षित महावर ने विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कहा कि यह अटेंशन इकॉनमी का समय है, इसलिए मौलिकता बनाए रखें। इस दौरान हर्षित ने अपने जोक्स से छात्र-छात्राओं को खूब हंसाया। हर्षित महावर ने कहा कि आज का युग ''अटेंशन इकॉनमी'' का है। इसमें हर व्यक्ति अपने ज्ञान, विचार और रचनात्मकता के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया पर दूसरों की नकल करने के बजाय मौलिक सोच पर ध्यान देने को कहा। कहा, किसी की सफलता को देखकर उसकी नकल करने के बजाय अपनी अलग पहचान बनाने का प्रयास करना चाहिए।
हर्षित महावर ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि भविष्य में वे जो बनना चाहते हैं, उसके लिए निरंतर कार्य करते रहना आवश्यक है। कहा, दूसरों की राय की ज्यादा चिंता किए बिना अपनी क्षमता पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि छात्र सोशल मीडिया के लिए लघु वीडियो या अन्य सामग्री बनाना चाहते हैं, तो पहले पर्याप्त ज्ञान प्राप्त करें। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र कुमार सिंह ने हर्षित महावर का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने शैक्षणिक कॅरिअर के साथ सोशल मीडिया कहानी लेखक, हास्य कलाकार एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
(0)Comments