जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए केवल सत्ता की भागीदारी का चुनाव नहीं, बल्कि समाज के अधिकार, सम्मान और रोजगार की लड़ाई को मजबूत करने का अवसर है।
पार्टी का मिशन हर बूथ पर समाज के कम से कम 10 लोगों को रोजगार दिलाना और हर घर तक रोजगार के अवसर पहुंचाना है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा।
खुशहालपुर स्थित राधिका फार्म हाउस में मंडलीय बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में डा. संजय निषाद ने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो समाज की राजनीतिक ताकत मजबूत होगी।
कार्यकर्ता गांव, मुहल्ले और बूथ तक पहुंचकर लोगों को उनके अधिकार और वोट की ताकत के प्रति जागरूक करें। पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि समाज की सेवा को राजनीतिक ताकत बनाना है।
सम्मेलन में तुरैहा समाज के अधिकारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री ने कहा कि मुरादाबाद में बड़ी संख्या में तुरैहा समाज के लोग रहते हैं, लेकिन उन्हें जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं हो रहे हैं।
सम्मेलन में मंडलभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा समाज के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने सभी का आभार जताया।
अखिलेश यादव पर निशाना, बोले, उनके सलाहकार तुष्टीकरण की सलाह देते हैं
डाॅ. संजय निषाद ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने हिस्से की सभी सीटों पर अपने चुनाव चिह्न पर प्रत्याशियों को उतारेगी। उन्होंने पिछली बार भाजपा के चुनाव चिह्न पर कुछ प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की बात की और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सलाहकारों पर तंज कसते हुए कहा कि वे तुष्टीकरण की सलाह देते हैं, संतुष्टीकरण की नहीं।
(0)Comments