हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में रास्ता होगा साफ केशव भारद्वाज फरीदाबाद। सिही गांव के लोगों को लंबे समय से चली आ रही सीवर जाम, जलभराव, जर्जर सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम प्रशासन ने करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से गांव के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी है। योजना के तहत गांव में सीवर और पेयजल की नई लाइन बिछाने के साथ-साथ सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट लगाने और पार्क विकसित करने का काम किया जाएगा।
नगर निगम की ओर से परियोजना के लिए लगभग टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अब हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद काम आवंटित करने का रास्ता साफ होगा। इसके बाद संबंधित कंपनी को जल्द ही कार्य आवंटित किए जाने की उम्मीद है। सिही गांव फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के बड़े गांवों में शामिल है। आबादी बढ़ने के साथ यहां मूलभूत सुविधाओं पर दबाव लगातार बढ़ा है। गांव के अधिकांश हिस्सों में सीवर लाइन जाम रहने के कारण दूषित पानी शहर की सड़कों पर जमा हो जाता है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है। वहीं, कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। सिही गांव निवासी अर्जुन ने बताया कि हमारे गांव की कुछ सड़कें तो करीब 15 वर्ष से नहीं बनी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में विकास कार्यों की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। समस्याओं को लेकर ग्रामीण कई बार विरोध भी कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाकर प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
नगर निगम की प्रस्तावित परियोजना के तहत सड़क, सीवर, पेयजल व्यवस्था , स्ट्रीट लाइट और एक पार्क विकसित किया जाएगा।
-- सिही गांव में 18 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे। हाई पावर परचेज कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद यहां अगले माह से काम शुरू हो सकता है। इससे गांव की समस्याएं खत्म हो जाएंगी। फिलहाल पानी निकासी के लिए पंप लगवाया गया है। संजीव कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
(0)Comments