प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा समिति के सचिव अतुल एंथोनी दास ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालकों के अंडर-14 वर्ग के 32 किलोग्राम भारवर्ग में कंपोजिट विद्यालय शमशेर नगर के अभिमान और राजन ने अपने-अपने मुकाबलों में पहला स्थान हासिल किया। 42 किलोग्राम भारवर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बुढ़नामऊ के देव विजेता रहे।
अंडर-17 आयु वर्ग के 46 किलोग्राम भारवर्ग में महावीर इंटर कॉलेज नगला खैरबंद के प्रशांत, 50 किलोग्राम में जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के सूरज, 54 किलोग्राम में कंपोजिट विद्यालय शमशेर नगर के अर्पित ने बाजी मारी। 70 किलोग्राम में सोनी पारिया इंटर कॉलेज के आयुष कुमार, 75 किलोग्राम में सरस्वती विद्या मंदिर जेएनवी रोड के देवांश मैथिल तथा 81 किलोग्राम भारवर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर श्यामनगर के उज्जवल मिश्रा ने टीम में स्थान बनाया।
अंडर-19 बालक वर्ग के 48 किलोग्राम भारवर्ग में गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज के विष्णु और 60 किलोग्राम में बाबा मथुरागिरि इंटर कॉलेज मुरहास के रघुवीर चयनित हुए। बालिका वर्ग के अंडर-19 में 48 किलोग्राम भारवर्ग से बाबा इतवारीलाल इंटर कॉलेज की अनु का चयन मंडल प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं स्टेडियम कोच सुशांत सिंह और पूनम शर्मा ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। निर्णायक की भूमिका जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव संजीव कटियार, अरुण यादव, करन कुशवाह और अतुल कटियार ने निभाई।
(0)Comments