Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। राजनगर एक्सटेंशन की एसजी ग्रैंड सोसाइटी में एओए पर 50 परिवारों की बिजली काटने का आरोप है। निवासियों का कहना है कि लंबे समय से एओए चुनाव नहीं होने के विरोध में लगभग 50 फ्लैट मालिकों ने दो माह का मेंटिनेंस शुल्क नहीं दिया। इसके चलते एओए ने रविवार की शाम करीब सात बजे बिना किसी नोटिस के बिजली काट दी, जो सोमवार शाम तक भी बहाल नहीं हुई। सोसाइटी में करीब 970 फ्लैट हैं। निवासी रिंकू शर्मा का आरोप है कि एओए जनवरी में ही कालातीत हो चुकी है। तब से दो बार निर्वाचन अधिकारी नियुक्त हुए, लेकिन एक बार दस्तावेज नहीं दिए और दूसरी बार फीस जमा नहीं की, जिससे चुनाव नहीं हो सका।
आरोप लगाया कि सोसाइटी में जानबूझकर चुनाव नहीं होने दिए जा रहे हैं। कालातीत होने के बावजूद एओए अवैध तरीके से फैसले ले रही है। इसके विरोध में 40-50 परिवारों ने दो माह का मेंटेनेंस नहीं दिया। निवासियों का कहना है कि मेंटेनेंस न देने पर बिजली काटना अवैध है और इसके लिए सात दिन पहले नोटिस देना जरूरी है, लेकिन सिर्फ इंटरनल ग्रुप पर मैसेज कर एओए पदाधिकारियों ने बिजली काट दी। बिजली कटने से रातभर लोग परेशान रहे। सभी काम ठप्प हो गए। बच्चे गर्मी से रातभर सो नहीं पाए। वर्क फ्रॉम होम करने वाले निवासियों का काम भी नहीं हो सका। निवासियों का आरो है कि बार-बार कहने पर भी जब बिजली चालू नहीं की गई तो लोग डिप्टी रजिस्ट्रार के पास शिकायत लेकर पहुंचे। वह नहीं मिले तो मोरटा पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। वहां से एओए को कॉल कर बिजली चालू करने को कहा गया, लेकिन उसके बाद भी बिजली सप्लाई शुरु नहीं की गई। निवासी विनय गिल, भूपेंद्र नाथ, डीसी उपाध्याय, नीरज राय और विकास चंद्रा आदि का कहना है कि मेंटिनेंस जमा न करने पर बिजली काटना पूरी तरह से अवैध है। लोगों ने डिप्टी रजिस्ट्रार और पुलिस विभाग से कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, सोसाइटी के एओए अध्यक्ष अरूण मलिक ने आरोपों को एकदम निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से झूठ है। किसी की भी बिजली नहीं काटी गई है।
(0)Comments