शामली। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण से जुड़ी उत्कृष्ट अधीक्षिकाओं का सम्मान किया। साथ ही नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का शामली में भी सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने देखा और सुना। शामली में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी वीरेंद्र सिंह, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, डीएम आलोक यादव, सीडीओ बृजेन्द्र शुक्ल और जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विभाग की ओर से लगाई गई पोषण आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्टेडियोमीटर पर लंबाई और वजन मशीन पर वजन की जांच भी की तथा पोषण से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के हित में की गई घोषणाएं यह दर्शाती हैं कि विकास की दौड़ में कोई भी व्यक्ति पीछे न रहे। एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय चार हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये किया गया है। इसके साथ ही प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। समारोह में पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और पांच सहायिकाओं को साड़ी वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं जिला अस्पताल के एनआरसी में भर्ती रहकर स्वस्थ हुए नौ बच्चों को पोषण पोटली प्रदान की गई।
(0)Comments