सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ विरोध जताया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पंचायती राज इंजीनियरिंग विंग के प्रस्तावित पुनर्गठन और युक्तिकरण के विरोध में जिले के पंचायती राज इंजीनियरों ने सोमवार को पेन डाउन स्ट्राइक की। हरियाणा पंचायती राज इंजीनियर्स एसोसिएशन के आह्वान पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने कामकाज बंद रखकर सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ विरोध जताया। एसोसिएशन ने युक्तिकरण आयोग के अध्यक्ष राजन गुप्ता की ओर से सुझाए गए प्रस्तावों को भेदभावपूर्ण बताते हुए इन्हें तकनीकी विंग को कमजोर करने वाला कदम बताया। साथ ही सरकार से प्रस्ताव पर तत्काल पुनर्विचार की मांग की।
एसोसिएशन के जिला प्रधान विक्की ने बताया कि पंचायती राज इंजीनियरिंग विंग ग्रामीण विकास से जुड़ी करीब 60 योजनाओं के क्रियान्वयन और तकनीकी पर्यवेक्षण का काम करती है। इन योजनाओं के लिए करीब 9,500 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट का निष्पादन किया जाता है। संगठन का आरोप है कि प्रस्तावित नए ढांचे में 130 जूनियर इंजीनियरों के पद समाप्त करने, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर का पद खत्म करने, विजिलेंस और क्वालिटी कंट्रोल की व्यवस्था हटाने का प्रस्ताव है। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही प्रभावित होने की आशंका है।
तीन दिन तक जारी रहेगी हड़ताल
पेन डाउन स्ट्राइक के बाद एसोसिएशन ने 8 से 10 सितंबर तक सभी जिला सचिवालय के बाहर सांकेतिक हड़ताल का एलान किया है। इंजीनियरों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ महासचिव अजय पिलवान, एसडीओ रामपाल और एसडीओ साबिर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
(0)Comments