पुलिस की कार्रवाई
लावालौंग थाना क्षेत्र के सतीटांड़ गांव में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सुनसान मकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 15 बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 272.750 किलोग्राम डोडा जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से भागने में सफल रहे। चतरा एसडीपीओ सन्नी राजवर्धन ने सोमवार को सिमरिया एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सतीटांड़ से मरगड्डा जाने वाली सड़क के किनारे एक सुनसान मिट्टी के घर में तस्करों द्वारा भारी मात्रा में डोडा का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने जब सतीटांड़ गांव के उस सुनसान इलाके में स्थित मकान में दबिश दी, तो तलाशी के दौरान 15 बोरों में बंद डोडा बरामद हुआ। इस मामले में लावालौंग थाना में कांड संख्या 67/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(ू), 18(ु), 27 और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मकान मालिक और इस अवैध कारोबार के पीछे शामिल मुख्य तस्करों की पहचान के लिए सघन जांच कर रही है। इस सफल रेस्क्यू व छापामारी अभियान में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव और लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(0)Comments