आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे ने ट्रेन संख्या 04072/04071 नई दिल्ली-सुपौल जंक्शन-नई दिल्ली आरक्षित दैनिक स्पेशल के परिचालन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
जारी सूचना के मुताबिक नई दिल्ली से सुपौल के बीच ट्रेन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक 59 फेरे लगाएगी। वहीं सुपौल से नई दिल्ली के लिए सेवा 3 अक्टूबर से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।
ट्रेन संख्या 04072 नई दिल्ली से प्रतिदिन 21.35 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:35 बजे सुपौल जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में 04071 सुपौल से शाम 7:45 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सुरेमनपुर, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी, ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और गाजियाबाद सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित है।
दिल्ली सहित अन्य शहरों से अपने घर लौटते हैं लोग
रेलवे की ओर से बताया गया है कि इस गाड़ी में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
त्योहारों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा कोसी क्षेत्र के बीच बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए विस्तारित सेवा से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इधर, सिमराही निवासी समाजसेवी मयंक गुप्ता ने परिचालन अवधि बढ़ाए जाने पर प्रसन्नता जताई है।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के समय बड़ी संख्या में लोग दिल्ली सहित अन्य शहरों से अपने घर लौटते हैं।
दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश की यात्रा में मिलेगी बेहतर सुविधा
ऐसे में नवंबर के अंत तक रेल सेवा उपलब्ध रहना क्षेत्र के लोगों के लिए काफी सुविधाजनक होगा। उन्होंने इसके लिए सांसद दिलीश्वर कामैत और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मयंक गुप्ता ने मांग की कि विशेष दर्जे में चल रही इस ट्रेन को अब नियमित रेल सेवा में तब्दील किया जाए।
उनका कहना है कि यह गाड़ी कोसी क्षेत्र के यात्रियों को वाराणसी से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सेवा है।
स्थायी परिचालन से सुपौल, सहरसा समेत आसपास के जिलों के लोगों को दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश की यात्रा में बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने राघोपुर-देवघर स्पेशल ट्रेन को भी नियमित करने की मांग रखी।
उनके अनुसार यह रेल सेवा भागलपुर के रास्ते कोसी अंचल को देवघर से जोड़ती है और धार्मिक यात्रियों के लिए भी उपयोगी साबित होती है।
उन्होंने रेलवे से दोनों सेवाओं को स्थायी स्वरूप देने की दिशा में जल्द पहल करने का आग्रह किया।
अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर
(0)Comments