फतेहपुर से बैंक की KYC कराकर कानपुर लौट रहे दो दोस्तों को शराब पीकर बाइक चलाना और स्टंट करना भारी पड़ गया। मंगलवार शाम रामादेवी-नौबस्ता फ्लाईओवर पर कोयलानगर के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक का हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। बाइक चला रहे रतनलाल नगर की कच्ची बस्ती निवासी बलराम सिंह मौर्या (40) की मौत हो गई, जबकि उसका सहकर्मी राजा वाल्मीकि (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजा के मुताबिक, दोनों खजुआ गांव में बैंक का काम निपटाने के बाद शराब पीकर बाइक से कानपुर के लिए निकले थे। हाईवे पर बलराम करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहा था और रास्ते में कई बार हाथ छोड़कर स्टंट भी किया। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बलराम को मृत घोषित कर दिया।
KYC के लिए फतेहपुर गए थे दोनों
राजा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह बलराम के साथ फतेहपुर के खजुआ गांव स्थित बैंक गया था। दोनों को बैंक में KYC करानी थी। दोपहर करीब 3 बजे बैंक का काम पूरा होने के बाद दोनों ने गांव में ही शराब पी।
इसके बाद दोनों बाइक से कानपुर के लिए रवाना हुए। राजा के मुताबिक, हाईवे पर बलराम तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। उसने करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में बाइक चलाने के साथ तीन बार हाथ छोड़कर स्टंट भी किया।
दोस्त ने समझाया, लेकिन नहीं माना
राजा के अनुसार, उसने बलराम को कई बार बाइक संभलकर चलाने के लिए कहा। उसने यह भी समझाया कि इस तरह स्टंट करने से हादसा हो सकता है। इसके बावजूद बलराम ने बाइक की रफ्तार कम नहीं की।
शाम करीब 4:30 बजे दोनों रामादेवी-नौबस्ता फ्लाईओवर पर कोयलानगर के पास पहुंचे। बलराम इसी दौरान एक ट्रक को ओवरटेक करने लगा। तभी बाइक का हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया।
15 मीटर दूर डिवाइडर से टकराई बाइक
ट्रक से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और करीब 15 मीटर दूर जाकर डिवाइडर से भिड़ गई। बलराम ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन उसका लॉक नहीं लगाया था। टक्कर के दौरान हेलमेट सिर से गिर गया और उसे सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद राजा ने अपने कपड़े से बलराम के सिर को बांधा और मदद के लिए लोगों को बुलाया। कुछ देर बाद राजा भी बेहोश हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कांशीराम अस्पताल लेकर गई।
होश आया तो दोस्त की मौत की जानकारी मिली
अस्पताल में इलाज के दौरान होश आने पर राजा को पता चला कि बलराम की मौत हो चुकी है। बलराम टेनरी में काम करते थे। उनकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया।
बलराम अपने पीछे पत्नी अंजू, बेटी छवि और बेटे ध्रुव को छोड़ गए हैं। हादसे से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि बलराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(0)Comments