तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी (Photo- ANI)
Abhishek Banerjee Kolkata Office: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय को लेकर विवाद अब कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंच गया है। कैमैक स्ट्रीट स्थित इमारत की मालिक रमा देवी गोयनका ने मंगलवार को हाई कोर्ट का रुख किया और इमारत की सातवीं और आठवीं मंजिल पर चल रहे पार्टी कार्यालय को खाली कराने की अनुमति मांगी। मामले की सुनवाई जस्टिस सब्यसाची भट्टाचार्य की एकल पीठ में हुई। इमारत की मालिक ने निचली अदालत के उस आदेश को भी चुनौती दी है, जिसमें फिलहाल दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने को कहा गया था। TMC पर अवैध कब्जे और किराया नहीं देने का आरोप
इमारत की मालिक का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस ने सातवीं और आठवीं मंजिल पर तय शर्तों के मुताबिक कब्जा नहीं किया। उन्होंने इस संबंध में पार्टी को नोटिस भी दिया था। मालिक ने निचली अदालत में दायर मामले में यह भी आरोप लगाया कि पार्टी पिछले पांच महीने से दोनों मंजिलों का किराया नहीं दे रही है। हालांकि, निचली अदालत ने फिलहाल यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। अब मालिक ने इसी आदेश को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है। लीज एग्रीमेंट को लेकर क्या है विवाद?
मामले में इमारत की मालिक की ओर से कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उनके मुताबिक, 1 मार्च 2020 को ऑल इंडिया यूथ तृणमूल कांग्रेस के साथ हुए लीज एग्रीमेंट में यह शर्त थी कि बिल्डिंग का कंप्लीशन सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही सातवीं और आठवीं मंजिल का कब्जा दिया जाएगा। मालिक का आरोप है कि कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी होने से पहले ही पार्टी के यूथ विंग ने दोनों मंजिलों पर कब्जा कर लिया था। इसके अलावा इमारत की छत पर बिना मालिक को जानकारी दिए एक बिलबोर्ड लगाए जाने का भी आरोप है। सीढ़ियों, गैराज और छत पर कब्जे का भी आरोप
मालिक ने आरोप लगाया है कि लीज एग्रीमेंट में जिन दो मंजिलों का जिक्र था, उनके अलावा पार्टी के यूथ विंग ने इमारत के दूसरे हिस्सों का भी कथित तौर पर इस्तेमाल किया। इनमें सीढ़ियां, गैराज और छत शामिल हैं। मालिक का यह भी आरोप है कि पार्टी ने पिछले पांच महीने से किराए का भुगतान नहीं किया है। अगस्त में बिलबोर्ड हटाने पहुंची थी KMC की टीम
इसी इमारत को लेकर पिछले महीने भी विवाद हुआ था। 27 अगस्त को कोलकाता नगर निगम (KMC) के अधिकारी और कर्मचारी कोलकाता पुलिस के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। टीम इमारत की छत पर लगाए गए कथित अवैध बिलबोर्ड को हटाने गई थी। इस दौरान कथित तौर पर TMC कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। विरोध के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। मौके पर अभिषेक बनर्जी, TMC के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। मामले में तीन FIR, 14 लोगों की गिरफ्तारी
घटना के बाद स्थानीय शेक्सपियर सरणी थाने में तीन FIR दर्ज की गईं। इनमें TMC कार्यकर्ताओं पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने के आरोप लगाए गए। तीन में से दो FIR में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन, हुमायूं कबीर और बैश्वानर चटर्जी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच के दौरान TMC के राष्ट्रीय महासचिव डेरेक ओ'ब्रायन और अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय से भी शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस पूछताछ कर चुकी है।
(0)Comments