नवसारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नवसारी हाईवे पर ग्रिड के समीप देश के पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित अत्याधुनिक 'नमो कमलम' भाजपा कार्यालय का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटील, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यालय के विभिन्न विभागों का दौरा किया। इनमें मुख्य कार्यालय, मीडिया विभाग, कॉल सेंटर, लाइब्रेरी, सांसद व विधायक कक्ष तथा पंडित दीनदयाल बैठक हॉल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉल और अटल सभाखंड शामिल हैं।
सेवा और जनकल्याण का केंद्र बनेगा कार्यालय
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'नमो कमलम' केवल एक इमारत नहीं, बल्कि सामान्य नागरिकों की समस्याओं के समाधान और जनसेवा का तीर्थस्थल बनेगा। सत्ता, पद, संगठन और व्यवस्था को केवल जनकल्याण और सेवा का माध्यम बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की तपस्या और जनसेवा के संकल्प से गुजरात विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। सरकारी व्यवस्था से स्वच्छता के काम होना स्वाभाविक है, लेकिन जनता की भागीदारी से आने वाला परिवर्तन अधिक स्थायी और दीर्घजीवी होता है।
पीएम मोदी ने आगामी गणेशोत्सव, नवरात्रि और दीपावली के दौरान स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान करते हुए नवसारी को देश के लिए स्वच्छता का रोल मॉडल बनाने की अपील की।
नवसारी के विकास कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास की राजनीति और राजनीतिक प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और जनसेवा करने की व्यवस्था विकसित की है। उन्होंने कहा कि 'नागरिक देवो भव' का मंत्र कार्यकर्ताओं के जीवन का हिस्सा बन चुका है।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटील ने कहा कि जनसेवा और संगठन की ताकत से नवसारी को विकास का रोल मॉडल बनाया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान के तहत छह दिनों तक अभियान चलाकर करीब 400 गांवों में सफाई की गई।
कुपोषण और टीबी मुक्त नवसारी का संकल्प
पाटील ने बताया कि जिले के करीब 3,600 कुपोषित बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने के लिए दत्तक योजना शुरू की गई, जिसके तहत 460 बच्चे कुपोषण से मुक्त हो चुके हैं। वहीं 781 टीबी मरीजों को पोषण किट दी जा रही हैं।
इसके अलावा करीब 13 हजार वंचित बेटियों के बैंक खाते खुलवाकर सुकन्या समृद्धि योजना के तहत राशि जमा कराई गई। 5,500 से अधिक बुजुर्गों और करीब 1,500 दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
700 हाथलारी चालकों को नई लारियां देने की योजना
लारी-गल्ला संचालकों के सशक्तीकरण के लिए पीएम स्वनिधि और जनभागीदारी के तहत करीब 700 हाथलारी चालकों को 30 हजार रुपए मूल्य की स्टेनलेस स्टील बॉडी वाली लारियां देने की योजना बनाई गई है। इनमें से 70 से अधिक लारियां वितरित की जा चुकी हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कहा कि **'नमो कमलम' हजारों कार्यकर्ताओं के परिश्रम, त्याग और समर्पण का धाम बनेगा। कार्यक्रम में वित्त मंत्री कनुभाई देसाई, आदिजाति विकास मंत्री नरेश पटेल, सांसद धवल पटेल, विधायक, नगर निगम व जिला पंचायत के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(0)Comments