सोनभद्र, संवाददाता। मांची थाना पुलिस ने सोमवार को सोहदाग तिराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान शराब तस्करी का खुलासा करते हुए बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उनके कब्जे से कार में छिपाकर रखी गई चार ब्रांड की 170 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की मात्रा 127.5 लीटर और कीमत करीब 2.24 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार सीज कर दी। कार से दो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं। उपनिरीक्षक कुंवर सिंह सोमवार को कांस्टेबल अशोक कुमार राय के साथ पनौरा गांव में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान सूचना मिली कि सफेद रंग की हुंडई आई-10 कार में दो लोग अवैध शराब लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना पर महली चौकी और खोड़ैला चेकपोस्ट की पुलिस को भी बुलाकर घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद पनौरा की ओर से कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण सफल नहीं हो सका। पुलिस ने शाम करीब 4:40 बजे कार को घेरकर दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान अनुराग गौतम निवासी मनरिया, थाना सइहारा, सीतामढ़ी और दीपक कुमार पटेल उर्फ राहुल निवासी कोआथ, थाना दावथ, रोहतास, बिहार के रूप में हुई। तलाशी में कार की डिग्गी और सीट के नीचे कागज में लपेटकर शराब छिपाई गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब राबर्ट्सगंज कस्बे में उपेंद्र नामक व्यक्ति से लेकर बिहार ले जा रहे थे। पटना के राजेंद्र नगर पुल के नीचे सरकारी पार्किंग में कार खड़ी कर ग्राहकों को शराब बेचने की बात भी सामने आई। आरोपियों के मुताबिक चार-पांच दिन में शराब बेचने के बाद वे दोबारा सोनभद्र से शराब लेने आते थे। मांची पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया।
(0)Comments