नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। बिलासपुर बाईपास के कन्हेरा स्थित एक फैक्ट्री से उड़ीसा भेजे जा रहे करीब 650 किलो संदिग्ध एनालाग पनीर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जोरा माल के पास बस में लोड करते पकड़ लिया। पनीर 14 पेटियों में भरा था और इसे दूसरे राज्य में सप्लाई करने की तैयारी थी।
कार्रवाई के दौरान सबसे गंभीर सवाल यह उठा कि जिस फैक्ट्री से पनीर निकाला जा रहा था, वहां पहुंचकर छापा मारने में जिला अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता ने मनाकर दिया। सूचना के आधार पर फैक्ट्री तक पहुंचने के बजाय टीम ने रास्ते में माल पकड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता अफरोज ख्वाजा की सूचना पर कार्रवाई हुई।
पहले फेल हो चुका है नमूना
बताया जा रहा है कि इसी फैक्ट्री से पहले भी खाद्य विभाग ने नमूना लिया था, जो जांच में फेल हो चुका है। मौके पर पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेजों में श्री सांवरिया सेठ मिल्क एंड फूड प्रोडक्ट, उमिया मार्केट का बिल भी मिला है।
14 पेटियों में भरा था संदिग्ध पनीर
कार्रवाई के दौरान बस में लोड किए जा रहे पनीर की 14 पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में करीब 50 किलो पनीर था। कुल मात्रा लगभग 650 किलो बताई गई है। यह माल उड़ीसा भेजे जाने की तैयारी में था। अधिकारियों ने पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता और पनीर में इस्तेमाल सामग्री को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। कार्रवाई में खाद्य परिवहन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा कोई विशेष वाहन भी मौके पर नहीं मिला।
फैक्ट्री में पहुंच रहा था यूरिया, पहले भी नमूना फेल
फैक्ट्री में कार्रवाई के दौरान दो बोरी यूरिया भी पहुंचाई जा रही थी। आटो चालक ने शिकायतकर्ता को बताया कि वह अक्सर यहां यूरिया लेकर आता है। खास बात यह है कि इस फैक्ट्री से पहले भी खाद्य विभाग की टीम नमूना लेकर जा चुकी है, जो जांच में फेल हुआ था। इसके बावजूद दोबारा संदिग्ध पनीर की सप्लाई का मामला सामने आया है।
नाम मलाई पनीर का, अंदर दूध पाउडर और पाम आयल
एनालाग पनीर की पहचान सामने आने के बाद अब इसके कारोबार का तरीका बदलने की बात कही जा रही है। दूध पाउडर, यूरिया और पाम आयल सहित अन्य घटकों से तैयार उत्पाद को मलाई पनीर बताकर बेचने की शिकायतें हैं। असली दूध से तैयार पनीर की तुलना में ऐसे उत्पाद की लागत कम पड़ती है। यही कारोबारी लाभ इसका बाजार बढ़ाता है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
'मौके से करीब 650 किलो पनीर जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।'
- डोमेंद्र ध्रुव, सहायक नियंत्रक
(0)Comments