रूस की राजधानी मॉस्को में गिरफ्तार चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा गुप्ता का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी सबूत के उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की अपील की है। मामले में सांसद से ज्ञापन भी सौंपा गया है ताकि चंदन की सुरक्षित रिहाई हो सके।
जौनपुर/मछलीशहर, हिन्दुस्तान संवाद। रूस की राजधानी मॉस्को में गिरफ्तार किए गए चंदन गुप्ता की रिहाई को लेकर उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने बड़ा दावा किया है। 'हिन्दुस्तान' से वॉट्सएप कॉल के जरिए हुई बातचीत में उन्होने दावा किया कि जिस आरोप में पति को गिरफ्तार किया गया है स्थानीय पुलिस उसका कोई साक्ष्य नहीं दे पा रही है। सोमवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। जहां पुलिस प्रारभिक साक्ष्य नहीं दे सके। स्नेहा ने बताया कि यहां की पुलिस का आरोप है कि चंदन शराब पीकर एंबुलेंस का शीशा तोड़ा था। मछलीशहर नगर के मोहल्ला उमराना निवासी स्व. प्रीतम चंद गुप्ता की पुत्री स्नेहा गुप्ता के पति चंदन गुप्ता की मॉस्को में गिरफ्तारी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर स्नेहा का वीडियो वायरल होने के बाद से परिवार में हड़कंप मचा है। स्नेहा गुप्ता के अनुसार उसका विवाह कानपुर निवासी चंदन गुप्ता के साथ हुआ है। वह नोएडा की नामी कंपनी यूफ्लेक्स में इंजीनियर हैं और कंपनी के प्रोजेक्ट के तहत पिछले करीब चार साल से मॉस्को में रह रहे हैं। साथ में स्नेहा और 10 साल का बच्चा भी रहता है। स्नेहा ने पति की गिरफ्तारी के बाद एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पति को रिहा कराने की अपील की।
दूतावास से किसी ने संपर्क नहीं किया
सोमवार को दिन में 'हिन्दुस्तान' से हुई बातचीत में स्नेहा ने बताया कि यहां हर जगह सीसीटीवी कैमरा लगा है। यदि पति ने तोड़फोड़ की है तो उसका वीडियो होगा, पुलिस को दिखाना चाहिए। उन्होने दूतावास से कोई सकारात्मत्मक सहयोग न मिलने का दावा किया। कहा कि मैने कई बार फोन किया, लेकिन कल रविवार होने की बात कहकर मामले को टाला गया, आज(सोमवार) को हमसे कोई संपर्क नहीं किया गया।
पति से मिलने थाने पहुंची स्नेहा
मछलीशहर। रूस में मास्को पुलिस द्वारा पति की गिरफ्तारी किए जाने के बाद स्नेहा पति से मिलने के लिए थाने पर पहुंची। स्नेहा के विधिक सलाहकार हाईकोर्ट के अधिवक्ता विष्णुकांत त्रिपाठी ने सोमवार की सुबह थाने पहुंचकर पति से मिलने की मांग करते हुए स्नेहा थाने में काफी देर तक रही। किंतु पुलिस अधिकारी मुलाकात कराने को राजी नहीं थे। उनके विधिक सलाहकार ने बताया कि भारत सरकार के माध्यम से रिहाई का प्रयास किया जा रहा है साथ ही मास्को में भी उनकी कार्यदायी कंपनी के लोग स्नेहा के साथ पति की रिहाई के लिए प्रयास कर रहे हैं। संभावना है कि जल्द रिहाई हो जाएगी।
रिहाई के लिए सर्ववैश्य समाज ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
मुंगराबादशाहपुर। रूस की राजधानी मास्को में कार्यरत मछलीशहर निवासी स्नेहा गुप्ता के पति इंजीनियर चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उनकी सकुशल वतन वापसी की मांग को लेकर सर्ववैश्य समाज क्षेत्रीय समिति, मुंगराबादशाहपुर के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सांसद सीमा द्विवेदी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने सांसद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्रालय और मास्को स्थित भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप कर उनकी स्थिति का पता लगाने तथा सुरक्षित रिहाई और वतन वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में समिति अध्यक्ष राजकुमार ऊमरवैश्य, मुख्य सलाहकार आलोक कुमार गुप्ता, सलाहकार इंजीनियर उमाशंकर गुप्ता, महामंत्री रंजीत भोजवाल, राजकुमार जायसवाल, आशीष ऊमरवैश्य समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और क्षेत्रवासी शामिल रहे।
(0)Comments