डिजिटल डेस्क,सतना। सिंहपुर थाना क्षेत्र के झरसी गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो चचेरे भाइयों ने फावड़े से हमला कर हिस्ट्रीशीटर को मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, तो वहीं पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टीकर निवासी राहुल सिंह पुत्र बृजमोहन सिंह 35 वर्ष, बीते काफी समय से अपने घर से लगभग ढाई किलोमीटर दूर झरसी गांव में अहरी बनाकर रहता था।
मंगलवार की सुबह जब कोई परिजन खेत पर पहुंचा तो युवक की रक्तरंजित लाश जमीन पर पड़ी मिली, तब यह खबर तुरंत थाने में दी गई तो पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। वहीं जिला मुख्यालय से वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह अपने सहयोगियों और डॉग स्क्वॉड को लेकर घटना स्थल पर जा पहुंचे। पूरे इलाके की सघन सर्चिंग कर साक्ष्य जुटाए गए तब मौके पर खून से सना एक फावड़ा भी हाथ लगा।
प्राथमिक जांच-पड़ताल के पश्चात शव को मरचुरी भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया, इस बीच परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि राहुल को आखिरी बार ट्रक ड्राइवर सियाशरण दाहिया के साथ देखा गया था, मगर जब पुलिस उसके घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लटकता मिला। ऐसे में मुखबिर तंत्र और साइबर टीम के जरिए पतासाजी कर उसे पन्ना जिले से हिरासत में ले लिया गया।
मुर्गा-शराब पार्टी के बाद वारदात
प्राथमिक पूछताछ में ट्रक ड्राइवर सियाशरण ने खुलासा किया कि हत्या, डकैती, रंगदारी और लूट जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम दे चुके राहुल सिंह का आतंक पूरे इलाके में व्याप्त था। कुछ समय पहले हिस्ट्रीशीटर ने मामूली बात पर घर में घुसकर पत्नी, भाई, बहू और बच्चों समेत उसके साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत सिंहपुर थाने में दर्ज कराई गई थी, मगर वह खुलकर राहुल का विरोध नहीं कर सकता था।
सोमवार को वह काम के पैसे लेकर घर लौट रहा था, तब रास्ते में राहुल से मुलाकात हो गई, जिसने अहरी में मुर्गा और शराब पार्टी के लिए कहा तो सियाशरण ने चचेरे भाई अश्विनी दाहिया के जरिए सामान मंगा लिया। देर रात तक मृतक की अहरी में ही खाना-पीना चलता रहा। इस दौरान नशे में उसने काफी भला-बुरा भी कहा, तकरीबन ढाई बजे नशे की हालत में राहुल गहरी नींद में सो गया।
नींद में उतारा मौत के घाट
हिस्ट्रीशीटर के गहरी नींद में जाते ही पुराने विवाद का बदला लेने और आतंक से छुटकारा पाने के लिए ट्रक ड्राइवर ने चचेरे भाई के साथ मिलकर अहरी में रखे लोहे के पुराने फावड़े से ताबड़तोड़ वार करते हुए हिस्ट्रीशीटर को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद दोनों लोग घर लौट गए, जहां सियाशरण पत्नी को लेकर रातोंरात पन्ना रवाना हो गया, जबकि चचेरा भाई चुपचाप घर जाकर सो गया। ट्रक ड्राइवर के इस बयान के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस जहां दोनों आरोपियों के बयान की तस्दीक कर रही है तो दूसरे पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
16 साल की उम्र में किया नाबालिग छात्र का मर्डर, कुल 13 अपराध
मृतक राहुल सिंह पर हत्या, मारपीट, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट, एडी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत 13 अपराध दर्ज हैं। उसने वर्ष 2008 में 16 साल की उम्र में अपनी ही कक्षा के छात्र को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था, तो वहीं तीन साल बाद 19 की आयु में तत्कालीन महतैन सरपंच की हत्या कर दिया। आखिरी अपराध सितंबर 2024 में आम्र्स एक्ट और एडी एक्ट में दर्ज हुआ था। फिलहाल वह सभी प्रकरणों में जमानत पर बाहर चल रहा था।
(0)Comments