संवाद न्यूज एजेंसी फरीदाबाद। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के बीच दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी सामने आया है। श्रेणी-तीन में शामिल फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग टिकट काउंटर और शौचालय की व्यवस्था नहीं है। प्लेटफॉर्म बदलने के लिए यात्रियों के पास एक ही फुट ओवरब्रिज का विकल्प है। ऐसे में चलने-फिरने में असमर्थ यात्रियों के लिए स्टेशन पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचना आसान नहीं है।
सीएजी की रिपोर्ट में रेलवे स्टेशनों पर दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की आसान पहुंच, पोर्टेबल रैंप या व्हीलचेयर उठाने वाले उपकरण, लिफ्ट, रैंप व रेलिंग वाले एफओबी, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर और अलग शौचालय जैसी सुविधाओं की जरूरत बताई गई है। फरीदाबाद स्टेशन पर इनमें से कई सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
काम पूरा होने के बाद दिव्यांगों को मिलेंगी ये सुविधाएं
काम पूरा होने के बाद फरीदाबाद स्टेशन दिव्यांग यात्रियों के लिए पूरी तरह आसान हो जाएगा। यहां सीढ़ियों की जगह लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) लगेंगी, जिससे व्हीलचेयर आसानी से आ-जा सकेगी। नेत्रहीन यात्रियों के लिए रास्ते पर विशेष उभरी हुई टाइलें और ब्रेल लिपि वाले बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा, व्हीलचेयर वाले लोगों के लिए कम ऊंचाई के टिकट काउंटर, पानी के नल और हाथ पकड़ने वाले सपोर्ट बार के साथ बड़े शौचालय बनाए जाएंगे।
(0)Comments