जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने अपनी ही पार्टी के लोगों पर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। मंगलवार को लाडवा में श्रीजयराम विद्यापीठ के कार्यक्रम में भाग लेने आए कुलदीप शर्मा ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कांग्रेस के ही लोगों ने षड्यंत्र रचा और वे कौन हैं, ये सभी जानते हैं।
कुलदीप शर्मा ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि उन्होंने (षड्यंत्र रचने वालों ने) खुद तो भाजपा से हाथ मिलाया हुआ है और उन्हें तीसरे महीने भाजपा में भेज देते हैं। उनके नाम का खुलासा करने के सवाल पर कुलदीप शर्मा ने कहा कि उनके शुभचिंतक हर पार्टी में हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी में उनके शुभचिंतकों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने कहा- उन्हें तो कांग्रेस की चिंता है और वे चाहते हैं कि कांग्रेस का एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार हो, जो भाजपा से लड़े। कुछ लोगों की वजह से वर्ष 2009, 2014, 2019 और 2024 में सभी संसाधनों के होने के बावजूद हम सरकार अपने बल पर नहीं बना पाए।
लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाएं कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हैं और वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने, इसके लिए प्रयास करने चाहिए। आज प्रदेश का प्रत्येक वर्ग में परेशानी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और कानून व्यवस्था कहां से कहां पहुंच गई है। पूरे प्रदेश में आतंक का माहौल है। उन्होंने कहा कि इन सबसे निजात कांग्रेस ही दिला सकती है।
(0)Comments