संभल में बहजोई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए डंपर-टेंपो हादसे में मंगलवार शाम एक और घायल की मौत हो गई। मुरादाबाद के अस्पताल में इलाज के दौरान बृजकिशोर (30) ने दम तोड़ दिया।
इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है। चार अन्य घायलों का इलाज अभी चल रहा है। बृजकिशोर संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के नेहटा गांव का रहने वाला था। मंगलवार रात 9 बजे बहजोई थाना के अपराध निरीक्षक बलराम सिंह यादव ने उसकी मौत की पुष्टि की।
बुधवार को गांव पहुंचेगा शव
पुलिस के अनुसार, बृजकिशोर के शव का पोस्टमार्टम मुरादाबाद में ही कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव उसके गांव नेहटा पहुंचाया जाएगा। हादसे के बाद से ही बृजकिशोर का मुरादाबाद में इलाज चल रहा था।
बम्नेटा गांव के पास टेंपो को मारी थी टक्कर
हादसा रविवार 6 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे बहजोई थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बम्नेटा गांव के पास हुआ था। टेंपो बहजोई से चंदौसी की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो के आगे सैमरी गांव निवासी बिट्टू (25) ट्राई साइकिल से जा रहा था। बम्नेटा के पास उसने अचानक ट्राई साइकिल दूसरी लेन की ओर मोड़ दी।
बिट्टू को बचाने में टेंपो डंपर से टकराया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्राई साइकिल को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया। इसी दौरान चंदौसी की ओर से आ रहे बालू लदे डंपर ने टेंपो को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो करीब 10 फीट दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को बहजोई सीएचसी भेजा।
पहले 6 लोगों की हुई थी मौत
हादसे में पहले जिन 6 लोगों की मौत हुई थी, उनमें मऊ कठेर, थाना बहजोई निवासी 4 महीने की सर्राध्या पुत्री तरुण और 6 वर्षीय ध्रुव पुत्र तरुण शामिल थे। दोनों भाई-बहन थे।
इनके अलावा बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के परमानन्दपुर निवासी रोहिणी (20) पत्नी पुनीत, धनारी थाना क्षेत्र के जड़वार निवासी रामपाल (35) पुत्र पीताम्बर, बहजोई थाना क्षेत्र के सादातबाड़ी निवासी टेंपो चालक सौदान पाल (40) पुत्र खूबचंद और बहजोई कस्बे के मोहल्ला कुरैशियान निवासी रुवैद (30) पुत्र सिराज की भी मौत हुई थी।
मृतक टेंपो चालक के बेटे ने दर्ज कराई रिपोर्ट
टेंपो चालक सौदान पाल के बेटे टीटेश की शिकायत पर पुलिस ने डंपर ट्रक (UP81GT7743) के ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
टेंपो में कई परिवारों के लोग सवार थे
मऊ कठेर निवासी भावना (29) पत्नी तरुण अपने बच्चों ध्रुव और सर्राध्या के साथ चंदौसी जा रही थीं। उनके साथ भाई पुनीत (22) और भाभी रोहिणी (20) भी थे। दोनों बदायूं से बहन के घर आए थे और परिवार के साथ शहर घूमने जा रहे थे।
टेंपो में बहजोई निवासी रुवैद, प्रशांत और धनारी थाना क्षेत्र के जड़वार निवासी रामपाल भी सवार थे। टेंपो सादातबाड़ी निवासी सौदान पाल चला रहे थे। इनके आगे सैमरी गांव निवासी बिट्टू ट्राई साइकिल से जा रहा था।
पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी
हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
(0)Comments