लखनऊ। अलीगंज के कपूरथला स्थित कोचिंग हब में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे सैकड़ों युवाओं को कोचिंग के गेट पर ताला लटका मिला। एसएससी, यूपी पुलिस और टीईटी की तैयारी कर बेहतर कॅरिअर का सपना देख रहे युवा क्लास के लिए पहुंचे थे। संस्थान बंद मिलने पर आक्रोशित युवाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची अलीगंज पुलिस ने छात्रों को समझाया। इसके बाद विद्यार्थियों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि कोचिंग संचालक और मैनेजर ने करीब 500 से अधिक विद्यार्थियों से 15-15 हजार रुपये प्रति छात्र के हिसाब से फीस जमा कराई थी। संस्थान में पिछले कई महीनों से पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी वेतन नहीं दिया जा रहा था। इसके बावजूद नया बैच शुरू होने की बात कहकर छात्रों से सालाना फीस ली जाती रही। कोचिंग के पीड़ित छात्रों से तहरीर ली गई है। कोचिंग संचालकों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, मगर उनके मोबाइल स्विच ऑफ जा रहे हैं। जांच के दौरान जो भी साक्ष्य मिलेंगे, उस आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - एसएन महादेवन, एडिशनल इंस्पेक्टर, अलीगंज
(0)Comments