नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में प्रशासन की देखरेख और उपस्थित पंचों के समक्ष कुल 14 दान पेटियां मंगलवार को खोली गईं, जिसमें श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित आठ लाख 30 हजार 690 रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। इस कुल राशि में आठ लाख 28 हजार व 490 रुपये के नोट और 2200 रुपये के सिक्के शामिल हैं। नकद राशि के अलावा दान पेटियों से श्रद्धा स्वरूप चढ़ाए गए चांदी के दो सिक्के और 17 नग चांदी की अन्य धार्मिक सामग्रियां (जैसे चांदी का सांप, बेलपत्र और नाग-नागिन का जोड़ा) भी मिलीं।
तीन नग सोने जैसी पीली धातु के टुकड़े भी मिले
तीन नग सोने जैसी पीली धातु के टुकड़े भी मिले हैं, जिनकी शुद्धता और प्रामाणिकता की जांच होना अभी बाकी है। इस बार के चढ़ावे में विदेशी मुद्रा के रूप में कनाडा का एक पांच डालर (कैनेडियन) का नोट भी प्राप्त हुआ है। पंचनामे की इस पूरी कार्रवाई के बाद दान पेटी से प्राप्त समस्त नकद राशि, कीमती धातुएं और अन्य सामग्री आज ही श्रीअचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास ट्रस्ट के पद-लेखापाल वीरेंद्र शर्मा को सुरक्षित सुपुर्द कर दी गई हैं।
पूरी प्रक्रिया होती है सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में
बता दें कि अचलेश्वर महादेव मंदिर पर हर माह दान पेटियों को खोलकर अर्पित दान की गणना की प्रक्रिया की जाती है और प्रशासन व न्यास के अधिकृत पूर्व पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जाती है। अचलेश्वर महादेव मंदिर का न्यास अब प्रशासन की देखरेख में है, इसको लेकर कोर्ट के निर्देश भी जारी हो चुकी है जिसमें पहले जो रिसीवर की व्यवस्था बनाई गई थी और सेवानिवृत्त जज एनके मोदी सहित अन्य को नियुक्त किया गया था।
इस समिति को हटा दिया गया है और अब प्रशासन पूरी निगरानी कर रहा है। अब जल्द अचलेश्वर न्यास के चुनाव होंगे जिसको लेकर कोर्ट अपनी निगरानी बनाए हुए है। तहसीलदार लश्कर मनीष कुमार जैन की निगरानी में पूरी प्रक्रिया की गई जिसमें राजस्व निरीक्षक होतम सिंह यादव सहित पुलिस व पटवारीगण भी शामिल रहे।
पहली बार आठ लाख पार हुई दान राशि
मौके पर यह भी चर्चा रही कि पहली बार इतनी दान राशि आई है कि आंकड़ा आठ लाख के पार हो गया है। इसको लेकर बताया गया कि सावन के सोमवार भी इसमें शामिल थे और जन्माष्टमी पर भी लोग दान करते हैं। इससे पहले इतना दान नहीं आता था और यह लगभग दोगुना जितना है। मौके पर कुछ लोगों का यह भी कहना था कि पहले इतनी राशि नहीं आती थी लेकिन अब बढ़ गई है,कुछ लोग अपनी आशंकांए भी जाहिर कर रहे थे।
(0)Comments