डिजिटल डेस्क,रीवा। सतना जिले के टिकुरिया टोला निवासी अर्चना गुप्ता पति राजकुमार गुप्ता की इलाज के दौरान रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने, देखरेख न होने से मरीज के शरीर में कीड़े पड़ने और अस्पताल स्टाफ द्वारा मारपीट करने जैसे संगीन आरोप लगाए थे। सोमवार को मृतका का पोस्टमार्टम किया गया था, लेकिन परिजनों ने इलाज में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए पुनः पोस्टमार्टम की मांग की और अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए।
परिजनों के बढ़ते दबाव और विरोध को देखते हुए मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले गए हैं।
गौरतलब है कि गत 30 अगस्त को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद अर्चना को सतना से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां सोमवार को उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी ओर, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह से इंकार किया है।
प्रबंधन का कहना है कि परिजनों की संतुष्टि के लिए दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया है। मरीज की स्थिति शुरुआत से ही बेहद चिंताजनक बनी हुई थी और उनका इलाज तय चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत ही किया जा रहा था। परिजन को पूरी जानकारी दी जा रही थी।
(0)Comments