Purnia News: पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा। विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष पूजा-अर्चना, भक्ति जागरण एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महापौर विभा कुमारी ने शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का दर्शन-पूजन किया और समस्त नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। इस दौरान पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं ने महापौर का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सबसे पहले फ्लावर मिल चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचीं, जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित भक्ति जागरण का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद महापौर ने श्री श्री 108 सार्वजनिक राधा-कृष्ण मंदिर, काली प्रसाद टोला, मधुबनी में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण का दर्शन कर नगरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही पूजा समिति के सदस्यों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं से स्नेहिल भेंटकर उनका हालचाल जाना। महापौर उफरैल एवं ततमा टोली स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी पूजा में भी शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सभी के जीवन में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर वार्ड पार्षद अंजनी साह, आतिश सनातनी, पार्षद प्रतिनिधि बहादुर यादव, मनोज साह, ललनेश सिंह, अमरेंद्र कुशवाहा, दिलीप चौधरी, नीतू दा, जितेंद्र सिंह, सोनू सिंह सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे।
(0)Comments