पुलिस स्टेशन के अंदर जाकर जमकर की नारेबाजी व हंगामा भाजपा ने दून विधायक पर साधा निशाना, बोली आवाज दबाई जा रही संवाद न्यूज एजेंसी बद्दी (सोलन)। कालुझिंडा गांव के ब्लॉगर को पुलिस की ओर से एक मामले में तलब किए जाने के बाद दून की राजनीति गरमा गई है। बद्दी पुलिस ने ब्लॉगर विशु राणा को नोटिस भेजकर सोमवार सुबह 10 बजे बद्दी थाने में हाजिर होने के आदेश दिए थे।
विशु राणा लंबे समय से सोशल मीडिया पर दून विधानसभा क्षेत्र में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर मोर्चा खोले हुए हैं और उन्होंने इसके लिए दून के विधायक को निशाने पर रखा हुआ था। जैसे ही उन्हें पुलिस थाने में तलब किए जाने का नोटिस मिला, उन्होंने उसे सोशल मीडिया पर डालकर अपने सहयोगियों से दोपहर तीन बजे थाने पहुंचने का आह्वान किया।
विशु राणा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा भाजपा दून मंडल और आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ मोतिया प्लाजा में एकत्रित हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए सभी थाने पहुंचे। आमजन और विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने थाना घेर लिया और पुलिस प्रशासन, सरकार तथा दून विधायक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, जिला भाजपा उपाध्यक्ष गुरमेल चौधरी, किसान मोर्चा के विधि चंद राणा और जिला परिषद सदस्य राजकुमार राजू ने कहा कि दून में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी युवा यहां के मुद्दों को लेकर आवाज उठाता है, उस पर विधायक के दबाव में तुरंत एफआईआर दर्ज कर दबाव बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के जिला प्रवक्ता संजू धीमान ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है, लेकिन युवाओं पर मुकदमे दर्ज किया जाना गलत और अलोकतांत्रिक है।
विशु राणा के वकील एवं जिला भाजपा प्रवक्ता डॉ. संदीप कुमार सचदेवा ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर मुद्दे उठाने पर मुकदमा दर्ज नहीं कर सकती। अधिवक्ता डॉ. संदीप कुमार सचदेवा ने बताया कि 29 अगस्त को ब्लॉक अध्यक्ष कुलतार सिंह मेहता ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 'सत्यमेव जयते' नामक पेज से दून के विधायक और उनकी पत्नी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टें डाली गई हैं। इसी शिकायत के संदर्भ में पुलिस ने विशु राणा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। विशु राणा ने अपने बयान दर्ज करवाए और कानून का सम्मान किया।
(0)Comments