आपसी सामंजस्य से आयोजन कराने पर जोर,सरगुजा सेवा समिति के अध्यक्ष को पत्र भेजकर रखी बात -संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। आगामी दशहरा पर्व पर होने वाले सार्वजनिक रावण दहन आयोजन को लेकर नागरिक सेवा समिति की आवश्यक बैठक समिति के वरिष्ठ सदस्य अजय अग्रवाल के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सदस्यों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नगर के इस प्रमुख आयोजन को नागरिक सेवा समिति, सरगुजा सेवा समिति एवं जिला प्रशासन की बराबर भागीदारी और आपसी सहयोग से संपन्न कराया जाता रहा है। सदस्यों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से नागरिक सेवा समिति के सदस्य स्वयं को आयोजन में अपेक्षित भूमिका नहीं मिलने के कारण उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। सदस्यों ने कहा कि दशहरा नगर का प्रमुख सार्वजनिक आयोजन है और इसे लेकर किसी प्रकार की गलतफहमी या मनभेद नहीं होना चाहिए। सभी संस्थाओं के बीच आपसी सामंजस्य एवं सहयोग के साथ आयोजन को पहले की तरह भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से नागरिक सेवा समिति की ओर से सरगुजा सेवा समिति के अध्यक्ष को पत्र भी प्रेषित किया गया है, जिसमें आयोजन को मिल-जुलकर पूरे उत्साह के साथ सफल बनाने की बात कही गई है। बैठक में सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दशहरा पर्व के रावण दहन कार्यक्रम को शहरवासियों के लिए भव्य एवं अविस्मरणीय बनाएंगे। बैठक में अजय अग्रवाल, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जेपी श्रीवास्तव, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, राजीव अग्रवाल, नुरुल अमीन सिद्दीकी, नीरज पांडे, राधे कृष्ण गोयल, जीवन यादव, चंद्र प्रकाश सिंह, अभिषेक शुक्ला, संदीप जायसवाल, ऋषभ गर्ग, सुनील गोयल, विवेक अग्रवाल, दुर्गेश गुप्ता, आशीष जायसवाल, अंकित जायसवाल, दिनेश शर्मा, विकास शर्मा एवं दीपक कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Share बेहोशी की हालत में घर छोड़ गए ठेकेदार,कुछ घंटे बाद हुई मौत…आदिवासी समाज ने …
(0)Comments