चोला। सिकंदराबाद-खुर्जा मार्ग पर रविवार की रात में पचौता गेट के सामने संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस की वांछित गोतस्कर से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से गोतस्कर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी से अवैध असलहा, बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि रविवार देर रात चोला पुलिस सिकंदराबाद-खुर्जा मार्ग पर पचौता गेट के सामने चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर बाइक तेजी से मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा जवाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल आरोपी की पहचान पप्पू उर्फ फारुख निवासी गांव सुतारी, थाना चोला के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
15 अगस्त को जंगल में की थी गोकशी
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का गोतस्कर है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गत 15 अगस्त को चोला क्षेत्र में गांव सब्दलपुर और सुतारी के बीच जंगल में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ थाना चोला पर गोहत्या अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। उपचार, पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।
(0)Comments