Palamu News: मेदिनीनगर के मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वॉशरूम की समस्या पिछले छह महीने से बनी हुई है। मरीज और उनके परिजन खुले में पेशाब करने को मजबूर हैं, जिससे स्वच्छता में कमी और परेशानी बढ़ रही है। अस्पताल प्रबंधन ने जल्दी समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है।
Palamu News: मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमआरएमसीएच) के ओपीडी भवन में वॉशरूम की विगत समस्या छह माह से अधिक समय बाद भी दूर नहीं हो सकी है। वॉशरूम बंद रहने के कारण इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजन खुले में पेशाब करने को मजबूर हैं। इससे अस्पताल परिसर में स्वच्छता के साथ-साथ मरीजों और परिजनों को भी काफी परेशानी हो रही है। ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। पुरुष मरीज और परिजन किसी तरह खुले में पेशाब कर काम चला लेते हैं, लेकिन महिलाओं के लिए स्थिति बेहद प्रतिकूल बनी हुई है। अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर और कर्मचारी भी वॉशरूम बंद रहने से परेशान हैं। कई विभागों की ओर से इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है。
समस्या का समाधान
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि वॉशरूम की समस्या को लेकर संवेदक से बातचीत हुई है। संवेदक ने करीब एक सप्ताह के अंदर सभी वॉशरूम को दुरुस्त कर चालू करने की बात कही है। प्रबंधन के अनुसार काम पूरा होने के बाद मरीजों और अस्पताल कर्मियों को राहत मिलेगी ।
रैंप और अतिरिक्त समस्याएं
अस्पताल के ओपीडी भवन में हाल में रैंप का निर्माण कराया गया है। रैंप निर्माण के दौरान भी एक तरफ का वॉशरूम बंद हो गया है। इसे दुरुस्त कर जल्द चालू कराया जाना चाहिए था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। रैंप निर्माण के बाद ओपीडी में अबतक दरवाजा नहीं लगाया है जिससे अस्पताल परिसर में चोरी होने का भी खतरा कायम है । गौरतलब है कि 2 माह पहले भी अस्पताल प्रबंधन ने जल्द मरम्मत कराए जाने की बात कही थी, लेकिन अबतक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। वर्तमान समय में मरीज को यूरिन सैंपल देने में भी मुश्किल स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
फोटो:-करीब 6 महीने से ज्यादा समय से मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल का बंद ओपीडी वॉशरूम।
(0)Comments