देहरादून: राजधानी देहरादून में बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी. घटना पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड की बताई जा रही है. बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी से जा रहे युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई. जिससे वह घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उसका इलाज चल रहा है. साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई. अब पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी को खंगालने में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि घायल युवक उज्जीवन बैंक में काम करता है. वह अपनी कजिन के साथ स्कूटी से जा रहा था. इसी दौरान बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया. हालांकि, गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही गोली चलाने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. साथ ही पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. घायल युवक से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है.
वहीं, एक दूसरे मामले में रायपुर थाना क्षेत्र के वाणी विहार में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूर्व में हुए विवाद के चलते युवक पर जानलेवा हमला किया था. घटना के बाद चारों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे. पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा है.
पढ़ें---
(0)Comments