बिजली विभाग के खंड कार्यालय भोलेपुर के निकट लोको रोड स्थित एक घर में बड़े स्तर पर बिजली चोरी की ऑनलाइन शिकायत की गई थी। बताया गया था कि सुभाषचंद्र अहिरवार का तीन मंजिला मकान है। करीब 20 वर्ष से उनके घर में अलग से केबल डालकर बिजली चोरी की जा रही है। तीनों मंजिल पर अलग-अलग एसी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, हीटर, इन्वर्टर आदि उपकरण चल रहे हैं। प्रथम तल पर संचालित मेडिकल स्टोर में भी बिजली चोरी की जा रही है।
आईजीआरएस शिकायत का निस्तारण करने के लिए एसडीओ अजय कुमार, जेई मुख्तार हुसैन, जेई अजय कुमार व लाइनमैन मौके पर पहुंचे। घर में कटिया पड़ा होने से बिजली कर्मचारी वीडियो बनाने लगे। इसी बीच गृहस्वामी पिता-पुत्र घर से निकले। कार्रवाई होते देख अवर अभियंता से कहासुनी होने लगी। गृहस्वामी सुभाषचंद्र अहिरवार ने जेई मुख्तार हुसैन को थप्पड़ जड़ दिया। इसी के बाद अन्य लोग भी आ गए और अवर अभियंता को थप्पड़ व लात-घूंसों से पीटने लगे।
जेई ने जब खुद को बचाने के लिए भागने का प्रयास किया तो उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान जेई सड़क पर गिर गए तो लोगों ने लात-घूंसों से पिटाई की। एसडीओ अजय कुमार ने जेई को कई बार बचाने का प्रयास किया तो लोगों ने उन्हें भी पीट दिया। एसडीओ किसी तरह जेई को बचाकर निकल सके।
चोरी के साक्ष्य जुटाने के दौरान हुआ हमला
अवर अभियंता मुख्तार हुसैन ने बताया कि मारपीट में उनको काफी चोटें आईं हैं। दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वह हार्ट के मरीज हैं। पिता-पुत्र व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि घायल अवर अभियंता का मेडिकल परीक्षण कराया है। सुभाषचंद्र अहिरवार और उसके बेटे रजत समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
(0)Comments