जागरण संवाददाता, चंपावत। बाराकोट ब्लाक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर घाट मसान देवता मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक कार पर गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंपावत जिला अस्पताल और पिथौरागढ़ के अस्पतालों में भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, यूके-05टीए-2878 नंबर की अल्टो कार टिम्टा, गंगोलीहाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। घाट मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कार में दो युवक बैठे थे, जबकि तीन युवक बाहर खड़े थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरा और पांचों युवक उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में वाहन चालक सौरभ कुमार (24) पुत्र नरेंद्र कुमार, संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम, सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, सुभाष चंद्र (44) पुत्र शिवराम और सुजल कुमार (17) पुत्र कृष्ण राम, सभी निवासी टिम्टा, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
गंभीर घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 सेवा से उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही संदीप कुमार की मौत हो गई। उप जिला अस्पताल के एमएस डा. विराज राठी ने बताया कि सुनील कुमार के सिर में गंभीर चोट है। उसे बेहतर उपचार के लिए चम्पावत रेफर किया गया है। वहीं सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को उपचार के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया है।
(0)Comments