Palamu News: विश्रामपुर, युवा सामाजिक कार्यकर्ता मनोज चौधरी ने ग्रामीणों की मदद से एक किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत कराई। लंबे समय से बदहाल इस सड़क के गड्ढों से ग्रामीणों को कठिनाई हो रही थी। मनोज चौधरी की पहल से सड़क सुगम हो गई है, और ग्रामीणों ने उनकी सराहना की है।
Palamu News: विश्रामपुर, प्रतिनिधि। ऊंटारी प्रखंड क्षेत्र के कुल्ही गांव में युवा सामाजिक कार्यकर्ता मनोज चौधरी ने जनहित में पहल करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत कराई। मुख्य सड़क से पूर्व टोला स्थित उमेश चौधरी के घर तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल थी। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती थी। गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मनोज चौधरी ने सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया।
सड़क मरम्मत कार्य
उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान 100 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी और मोरम डालकर सड़क को समतल किया गया और आवागमन के योग्य बनाया गया। सड़क मरम्मत कार्य में ग्रामीणों ने भी श्रमदान कर सहयोग किया। अजय विश्वकर्मा, शिवनाथ चौधरी, सुबोध चौधरी, संजय चौधरी, कामेश्वर चौधरी, प्रयाग चौधरी और दिलीप राम समेत कई ग्रामीणों ने श्रमदान किया। मरम्मत के बाद सड़क पर आवागमन सुगम हो गया है। ग्रामीणों ने मनोज चौधरी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराकर ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को दूर करने का प्रयास किया है। लोगों ने प्रशासन से भी क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
फोटो-ऊंटारी के कुल्ही गांव में जर्जर सड़क की मरम्मत करते आम लोग
(0)Comments